तरैया थाना क्षेत्र के नेवारी - गोविंदापुर गांव के सीमा से होकर गुजरने वाली डबरा नदी से मंगलवार को एक बच्चे का शव उपलाता हुआ मिला, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया. शव की पहचान गोविंदापुर निवासी राजीव रंजन सिंह के 12 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु कुमार उर्फ युवराज के रूप में हुई है. इससे परिजनों में कोहराम मच गया. माता-पिता समेत अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है.
सोमवार को नहाने के दौरान डूब गया था युवराज
दिव्यांशु सोमवार की दोपहर में डबरा नदी में स्नान करने गया हुआ था. इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी. देर शाम तक जब वापस घर लौटकर दिव्यांशु नहीं आया तो परिजनों ने खोजबीन शुरू किये. लेकिन कही पता नहीं चला. खोजबीन के दौरान मंगलवार को डबरा नदी में शव तैरते हुए ग्रामीणों ने देखा. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पहंची पुलिस ने शव को नदी से निकलवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा.
