सारण तरैया में इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का सामान जलकर राख

तरैया के पचौड़र बाजार में शनिवार रात एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया. अग्निशमन कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

Electrical short circuit: तरैया थाना क्षेत्र के पचौड़र बाजार में शनिवार की रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में आग लग गयी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में बिक्री के लिए रखे लाखों रुपये के सामान जलकर राख हो गये.

पचौड़र बाजार स्थित तरैया-अमनौर एसएच-104 मुख्य सड़क के किनारे कृपा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है. शनिवार की देर रात करीब ढाई बजे दुकान में आग लगने की घटना हुई. आग की लपटें देखकर तरैया-अमनौर मुख्य सड़क से गुजर रहे एक वाहन चालक ने गाड़ी रोककर शोर मचाया.

शोर सुनकर आसपास के दुकानदारों ने दी सूचना

वाहन चालक के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग जाग गये. इसके बाद दुकानदार संजय कुमार सहित अन्य लोगों ने दुकान संचालक विक्की सिंह को मोबाइल पर आग लगने की सूचना दी.

सूचना मिलते ही विक्की सिंह आनन-फानन में दुकान पर पहुंचे. उनके पहुंचने तक आग काफी विकराल रूप धारण कर चुकी थी. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तरैया थाना पुलिस को भी दी.

दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू

सूचना मिलने के बाद तरैया थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची. आग की भयावहता को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने बड़ी दमकल गाड़ियों को भी बुलाया. इसके बाद दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास कर आग पर काबू पाया.

आग पर समय रहते काबू पाने से आसपास की अन्य दुकानों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया. हालांकि, तब तक कृपा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था.

फ्रीज और प्रिंटिंग प्रेस मशीन समेत सामान जला

दुकान संचालक के अनुसार, आग में बिक्री के लिए रखे फ्रीज, प्रिंटिंग प्रेस मशीन, बैटरी और विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक्स पार्ट्स समेत अन्य सामान जल गये. आग से दुकान को भारी आर्थिक नुकसान होने की बात बतायी जा रही है.

घटना के बाद दुकान संचालक विक्की सिंह काफी मायूस और बदहवास नजर आये. उन्होंने मामले को लेकर तरैया थाना में लिखित शिकायत भी दी है. पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >