रसूलपुर (एकमा). स्थानीय थाना क्षेत्र के लाकठ छपरा गांव में रविवार की रात भोज खाने के बाद गांव की सड़क पर टहल रहे एक व्यक्ति की कार की टक्कर से मौत हो गयी. मृतक की पहचान लाकठ गांव निवासी व रसूलपुर पंचायत की लगातर तीसरी बार निर्वाचित बीडीसी सदस्य कामिनी देवी के प्रतिनिधि अरविंद कुमार सिंह उर्फ भुवर सिंह (50) वर्ष के रूप में हुई है. हादसे की सूचना पाते ही रसूलपुर थानाध्यक्ष प्रभात कुमार व अपर थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंच कर आक्रोशित लोगों को शांत कराया व शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार बरामद कर लिया है. साथ ही, स्थानीय लोगों का आक्रोश देख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक पुत्र समेत पिता को गिरफ्तार कर लिया.बीडीसी प्रतिनिधि की मौत की खबर के बाद क्षेत्र में शोक है. देर रात तक उनके आवास पर लोगों का तांता लगा रहा. मृतक की पत्नी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की तीन पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है, जबकि एक पुत्र अमन कुमार सिंह, दुबई में नौकरी करते हैं और अविवाहित हैं.
मृतक के भाई ने दर्ज करायी प्राथमिकी
कार से कुचलकर मौत मामले में मृतक के भाई रंजीत कुमार सिंह ने जख्मी भाई के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी में मृतक के अनुज ने गांव के ही जीतेन्द्र कुमार सिंह व उसके दो बेटे रजनीश कुमार सिंह व अनुज कुमार सिंह पर कार से कुचलकर मारने का आरोप लगाते हुए रसूलपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी व कार मालिक शमशाद आलम को साजिशकर्ता बताया है.इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि दुर्घटना के वक्त कार चला रहे रजनीश कुमार सिंह और उसके पिता जीतेन्द्र कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
