Saran News : अमनौर थाना क्षेत्र के एसएच-73 अमनौर-सोनहो मुख्य पथ पर खोरी पाकड़ खर्ग गांव के पास रविवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार 15 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया.
बाजार से सामान लेकर घर लौट रहा था रोहित
मृतक की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र के खोरी पाकड़ खर्ग निवासी रंजीत महतो के 15 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है. रोहित दसवीं कक्षा का छात्र था और दो भाइयों में छोटा था. परिजनों के अनुसार, रोहित अमनौर बाजार से सामान खरीदकर साइकिल से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही अपाची बाइक ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार कि मौके पर चली गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे में बाइक सवार मकेर निवासी अहमद अली का 30 वर्षीय पुत्र मोहम्मद फिरोज भी गंभीर रूप से घायल हो गया.
बाइक सवार की हालत गंभीर, पटना रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया. चिकित्सकों ने जांच के बाद रोहित को मृत घोषित कर दिया. वहीं, बाइक सवार मोहम्मद फिरोज की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया.
पिता असम में करते हैं मजदूरी, घर में मचा कोहराम
रोहित के पिता रंजीत महतो असम में मजदूरी करते हैं, जबकि उसका बड़ा भाई पटना में रहकर पढ़ाई करता है. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मां का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे की सूचना के बाद आसपास के लोगों की भी भीड़ मृतक के घर पर जुट गई.
पुलिस ने बाइक जब्त कर शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद अमनौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक को जब्त कर लिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
