Saran News: सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों के शिवालयों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही मंदिरों में हर-हर महादेव और जय शिव शंकर के जयकारे गूंजते रहे. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.
प्राचीन गौरीशंकर मंदिर, अपहर-अमनौर पर्यटक स्थल बड़ा पोखरा स्थित शिव मंदिर, अमनौर बाजार ठाकुरबाड़ी मंदिर, वैष्णो देवी गुफा मंदिर, पैगा शेखपुरा के शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा. सुबह से ही भगवान शिव को जल अर्पित करने के लिए श्रद्धालु कतार में खड़े रहे.
युवतियों और महिलाओं की रही विशेष भीड़
सोमवार की सुबह से ही युवतियां और महिलाएं स्थानीय शिवालयों में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगी थीं. कई मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही. भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक करने के साथ बेलपत्र, फूल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की.
भीड़ को देखते हुए मजिस्ट्रेट तैनात
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से विभिन्न शिवालयों में मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गयी थी. मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए प्रशासनिक स्तर पर निगरानी की गयी.
आकर्षक सजावट देखने देर शाम तक पहुंचते रहे भक्त
श्रावण मास में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है. सावन शुरू होते ही शिवालयों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. मंदिरों में भगवान शिव के शिवलिंग की पूजा और आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही.
प्राचीन गौरीशंकर मंदिर, अपहर और अमनौर पर्यटक स्थल बड़ा पोखरा स्थित शिव मंदिर में विशेष सजावट की गयी थी. सजावट देखने और भगवान शिव का दर्शन करने के लिए देर शाम तक भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा.
