Saran News: नगरा आगामी दिनों में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शनों और जुलूसों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है.
इसी क्रम में शुक्रवार को नगरा और खैरा थाना क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया.
बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्षों के नेतृत्व में निकला मार्च
फ्लैग मार्च का नेतृत्व नगरा प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुभव कुमार, सीओ अजय राठौर, खैरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और नगरा थानाध्यक्ष अभिनंदन यादव ने संयुक्त रूप से किया.
इस दौरान नगरा एवं खैरा थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया.
लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
फ्लैग मार्च में दोनों थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे.
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की.
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
उपद्रवी गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तोड़फोड़, आगजनी या किसी भी प्रकार की उपद्रवी गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है.
सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए निकाला गया मार्च
पुलिस प्रशासन के अनुसार, फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है.
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.
Also Read:बिहार में अब रात के 2 बजे भी नहीं रुकेगी बच्चों की पढ़ाई? नए डिजिटल लर्निंग ऐप से मिलेगा ये फायदा
