हादसा : क्षतिग्रस्त वाहनों के सड़क पर खड़े रहने के कारण परिचालन रहा बाधित
थानाध्यक्ष पहुंचे मौके पर, क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया
पुलिस ने डंपर को जब्त करते हुए ड्राइवर को किया गिरफ्तार
दिघवारा : शीतलपुर परसा राज्यमार्ग पर थाना क्षेत्र के पीरगंज के समीप मंगलवार की सुबह अनियंत्रित डंपर व ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी पहचान दिघवारा थाना क्षेत्र के छत्तर छपरा निवासी लालदेव राय के पुत्र राकेश कुमार 35 वर्ष के रूप में हुई है जिसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
जानकारी के मुताबिक छत्तर छपरा से एक ट्रक शीतलपुर की ओर जा रही थी, तभी शीतलपुर से मढ़ौरा जा रही एक अनियंत्रित डंपर ने पीरगंज के पास सामने से आ रही ट्रक में सीधे ठोकर मार दी, जिस टक्कर में ट्रक का चालक बुरी तरह घायल हो गया. दो वाहनों के सड़क पर टक्कर होने के कारण कुछ देर तक इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन अवरुद्ध रहा, बाद में थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया, तब जाकर वाहनों का परिचालन शुरू हो सका.
घटना की बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष कुमार ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने त्वरित पहल करते हुए डंपर को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है. गिरफ्तार चालक नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र का अमरेंद्र कुमार बताया जाता है.समाचार प्रेषण तक थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही थी.
