छपरा (सारण) : शहर के पंकज सिनेमा रोड में दशहरा के अवसर पर मेलार्थी महाकालेश्वर मंदिर का दर्शन कर सकेंगे. शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति पंकज सिनेमा रोड की ओर से 60 फीट ऊंचा पंडाल बनवाया जा रहा है. नेपाल के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर की आकृति के रूप में विशाल पंडाल बनवाया जा रहा है. 60 फुट ऊंचे पंडाल में 12 फुट ऊंची दुर्गा जी की प्रतिमा स्थापित की जायेगी. पंडाल का निर्माण कारीगर नगीना प्रसाद दास की देख-रेख में 35 दिनों पहले से चल रहा है. दस कारीगर दिन-रात कार्य कर रहे हैं. इसके निर्माण पर करीब सात लाख दस हजार रुपये की लागत अनुमानित है.
सजावट का होगा व्यापक प्रबंध : नेपाल के महाकालेश्वर मंदिर के रूप में बनाये जा रहे पंडाल को भव्य व आकर्षक स्वरूप देने के लिए सजावट का व्यापक प्रबंध किया जा रहा है. मंदिर की आकृति व रंग के अनुरूप बाहरी आवरण बनाया जा रहा है. थाना चौक से लेकर पंडाल तक पूरे सड़क को भी सजाया जायेगा. जगह-जगह बहुरंगी प्रकाश वाले बल्ब, झालर आदि लगाये जा रहे है.
भव्य व आकर्षक होगी प्रतिमा
: 60 फुट ऊंचे पंडाल के अंदर 12 फुट ऊंची दुर्गा जी की प्रतिमा स्थापित होगी जिसे भव्य व आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है. प्रतिमा को आकर्षक बनाने के लिए कलाकार जी जान से लगे हुए है. पूजा समिति के अध्यक्ष अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि प्रतिदिन पूजा अर्चना व आरती के पश्चात प्रसाद वितरण का प्रबंध किया गया है. भंडारा व कन्या भोज का भी आयोजन किया जायेगा.
