मांझी : दशहरा पूजा के अवसर पर बनने वाले पंडालों को अनिवार्य रूप से बिजली का कनेक्शन लेना होगा. बिजली का कनेक्शन नहीं लेने पर बिजली के उपयोग करते पकड़े जाने पर विभाग की ओर भारी जुर्माना किया जायेगा. बिजली का कनेक्शन पूजा समिति के अध्यक्ष अथवा सचिव के नाम से लिया जा सकता है.
विद्युत विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड में दुर्गा पूजा के अवसर पर कई दर्जनों भव्य पंडाल बनाये जाते है. इन पूजा समितियों द्वारा पांच किलोवाट से लेकर पंद्रह किलोवाट तक बिजली का उपयोग किया जाता है. अभी तक पूजा पंडालों के लिये कनेक्शन का एक भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ हैं. प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं. विभाग इस बार पूजा पंडालों पर कड़ी नजर रखने की तैयारी में हैं. बिजली का कनेक्शन नहीं लेकर उपयोग करते पकड़े जाने पर 25 से 30 हजार रुपये का जुर्माना हो सकता हैं.
सर्विस कनेक्शन चार्ज के अनुसार मिलेगा : दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षित व सुगम तरीके से विद्युत आपूर्ति के लिए विभाग ने आवश्यक कदम उठाते हुए कई निर्देश जारी किये है. सभी पूजा पंडालों को संलग्न सर्विस कनेक्शन चार्ज के अनुसार ही विद्युत संबंध दिया जायेगा. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जायेगा की कोई भी पूजा पंडाल बिना विद्युत संबंध के न रह.सभी पूजा पंडालों को इंडियन इलेक्ट्रिसिटी रूल्स 1965 में वर्णित विद्युत सुरक्षा संबंधित मानकों का अनुपालन के अनुसार विद्युत संबंध दिया जायेगा.
पूजा पंडालों को ओवर हेड लाइन से न्यूनतम दूरी बनाये रखने को कहा गया है. एलटी लाइन से 1.2 मीटर,11 केवी लाइन से 1.2 मीटर ,33 केवी लाइन से 2 मीटर की दूरी पंडालों की रखनी होगी. कनीय अभियंता गजेंद्र कुमार ने बताया कि पूजा पंडालों को बिना कनेक्शन लिये बिजली का उपयोग नहीं करना हैं. उन्हें बिजली का अस्थायी कनेक्शन लेना अनिवार्य है. पूजा पंडालों से कनेक्शन के लिए आवेदन लेना शुरू हो गया है. लोड के अनुसार पंडालों को बिजली का कनेक्शन लेना होगा.चोरी से बिजली का उपयोग करनेवालों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी तथा नियमानुसार जुर्माना भरना होगा.
