छपरा : अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में हैं. सोमवार को शहर के साहेबगंज से लेकर कटहरीबाग के बीच अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए एसडीएम लोकेश मिश्र, एसडीपीओ अजय कुमार सिंह व सीओ पंकज कुमार के नेतृत्व में तीन घंटे से भी अधिक तक अभियान चलाया गया.
इस दौरान दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा. जैसे ही जेसीबी मशीन के साथ प्रशासनिक अधिकारी दलबल समेत पहुंचे, दुकानदार जल्दी-जल्दी अपना समान सड़क से समेट कर दुकान के अंदर रखने लगे. अवैध अतिक्रमण के द्वारा दर्जनों जगहों पर बांस के सहारे दुकान के पांच से सात फुट आगे तक अतिक्रमण किया गया था.
वहीं 150 से अधिक दुकानदारों ने दुकान के बाहर भी सामान रखा था. वहीं कुछ ने तो अवैध निर्माण भी कर लिया था. वहीं कुछ दुकान के आगे नाले पर बेतरतीब ढंग से फुट स्लैब भी बना लिया गया था, जिसे जेसीबी मशीन से तोड़ दिया गया. साहेबगंज, सोनारपट्टी, खनुआ, करीमचक व कटहरीबाग के बीच सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाया गया. इस दौरान कई दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गयी.
एसडीएम लोकेश मिश्र ने कहा कि प्रशासन द्वारा बार-बार वार्निंग दी जाती है. इसके बाद भी अगर अतिक्रमण किया जायेगा, तो कड़ी कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे शहर में चलाया जा रहा है. शहर में अतिक्रमण के कारण सड़क जाम की समस्या बनी रहती है. इसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार चलेगा.
