गृहस्वामी मोहन प्रसाद के बयान पर प्राथमिकी दर्ज
छपरा(सारण) : शहर के मौना मुहल्ले में बंद एक घर से लाखों की संपत्ति की चोरी कर लिया. घटना की प्राथमिकी मंगलवार को नगर थाने में दर्ज करायी गयी. पशुपालन विभाग के सेवानिवृत्त सांख्यिकी पर्यवेक्षक मोहन प्रसाद ने बताया कि आभूषण, बर्तन, कपड़ा व नकद समेत करीब सात लाख रुपये मूल्य की संपत्ति की चोरी कर ली गयी है. वह अपने घर को बंद कर बाहर गये थे और मंगलवार को जब वापस लौटे तो, घर का ताला टूटा हुआ पाया और घर अंदर से बंद था. पड़ोसी के यहां से बांस की सीढ़ी मांग कर छत के सहारे अंदर प्रवेश किया.
अंदर गये तो देखा कि अलमारी, बाॅक्स तोड़ कर आभूषण, नकद, बर्तन, कपड़ा आदि की चोरी कर ली गयी है. इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस पहुंची और मामले की जांच की. गृहस्वामी मोहन प्रसाद के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इस मामले में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है और किसी की गिरफ्तारी की कोई सूचना नहीं है. नगर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक जयप्रकाश पंडित ने बताया कि चोरी की प्राथमिकी दर्ज की गयी है और इसकी जांच की जा रही है.
