जुलाई के प्रथम सप्ताह में मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास करने को लेकर डीएम से विभिन्न बिंदुओं पर की समीक्षा
छपरा (सदर) : छपरा में प्रस्तावित डबल डेकर पुल के जुलाई के प्रथम सप्ताह में निर्माण कार्य के शिलान्यास के मद्देनजर पुल निर्माण निगम के प्रधान सचिव जीतेंद्र श्रीवास्तव ने छपरा पहुंच कर पूरी संभावनाओं और भौगोलिक स्थितियों का जायजा लिया. इस दौरान प्रधान सचिव ने डीएम सुब्रत कुमार सेन के साथ पुल की छपरा शहर में लंबाई, चौड़ाई, आने वाले लागत आदि पर चर्चा के साथ-साथ डबल डेकर के निर्माण के लिए की गयी मापी तथा उसके जद में आने वाले आसपास के मकानों को लेकर विचार विमर्श किया.
छपरा पहुंचे पुल निर्माण निगम के सचिव से बातचीत के बाद डीएम सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि डबल डेकर के निर्माण के लिए तिथियां तो निर्धारित नहीं हुई है, परंतु, जुलाई के प्रथम सप्ताह में शिलान्यास कार्य होगा. शिलान्यास कार्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर कमलों के द्वारा होने की संभावना है. जिसे लेकर कार्यक्रम स्थल तथा मंच के निर्माण आदि पर भी चर्चा हुई.
फ्लाईओवर बन जाने से िवकास को िमलेगी रफ्तार , सुगम होगी यात्रा
बता दें कि फ्लाईओवर के निर्माण से लोगों को काफी हद तक जाम से निजात मिलेगी. दोनों पदाधिकारियों ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य के साथ छपरा हवाई अड्डा मैदान में ही डबल डेकर निर्माण के शिलान्यास तथा अन्य योजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन की संभावनाओं के मद्देनजर मंच बनाने तथा सुरक्षा के मद्देनजर संभावनाओं पर विस्तृत विचार विमर्श किया.
इसे लेकर जिला प्रशासन संभावित पांच जुलाई को कार्यक्रम के आयोजन को लेकर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को जहां तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया है. वहीं इस शिलान्यास समारोह के अंतिम तथा निश्चित तिथि को लेकर पदाधिकारी अभी बताने में अपने को असमर्थ महसूस कर रहे हैं. छपरा में प्रस्तावित डबल डेकर पुल को लेकर शहरवासियों में भी उत्सुकता देखी जा रही है.
क्या होगी फ्लाईओवर की स्थिति
वहीं पुल निर्माण निगम के द्वारा छपरा शहर के भिखारी ठाकुर चौक से लेकर नगरपालिका चौक होते, राजेंद्र सरोवर तथा जिला स्कूल के उत्तरी चहारदीवारी के निकट तक बनाने की योजना है. इसके तहत गांधी चौक, नगरपालिका चौक, राजेंद्र सरोवर के पास पुल के दोनों तरफ वाहनों के उतरने के लिए मार्ग बनाये जाने का प्रावधान है. डीएम सुब्रत कुमार सेन के अनुसार विभाग के द्वारा डबल डेकर के निर्माण के लिए सभी माप के अलावे अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जा चुकी हैं. डबर डेकर के निर्माण से छपरा शहर में जाम से निजात मिलने के साथ-साथ शहरवासियों या बाहरी लोगों को शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक जाने में सहूलियत होगी.
डबल डेकर फ्लाईओवर बनने से जनता को क्या हाेगा फायदा
शहर में जाम की समस्या से मिलेगी मुक्ति
बिहार में इस तरह के पहले डबल डेकर का हो रहा है निर्माण
नीचे की सड़क पर वाहनों का दबाव होगा कम
ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने में होगी आसानी
बन जाने के बाद की चुनौती
संकीर्ण मार्ग में व्यावसायिक मंडी के रहने की वजह से बढ़ेगी परेशानी
अतिक्रमण करने वाले मकानों को ध्वस्त करने से बदलेगा स्वरूप
ध्वनि व वायु प्रदूषण से सड़क के किनारे रहने वालों की बढ़ेगी परेशानी
