बनियापुर : एनएच-331 से सटे सहाजितपुर थाना क्षेत्र के मोती छपरा गांव में 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार गिरने से तार की चपेट में आकर स्थानीय उर्मिला देवी की दो बकरियां झुलस कर मर गयीं. गनीमत रही की कोई व्यक्ति तार की चपेट में नहीं आया. वरना बड़ी घटना हो सकती थी. तार गिरने की घटना को लेकर स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये और तार जोड़ने गये विद्युत कर्मियों को तार जोड़ने से मना कर दिया. बनियापुर फीडर की आपूर्ति लगभग चार घंटे से ज्यादा समय तक बाधित रही.
स्थानीय लोग मुआवजे की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन करते रहे. बाद में एसडीओ चंदन सिन्हा, जेई पवन कुमार एवं सहाजितपुर पुलिस तथा लोगों द्वारा आक्रोशित लोगों को शांत कराया. साथ ही एसडीओ द्वारा अबिलंब घटना स्थल के आसपास के एरिया में गार्ड वायर लगाने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद हाई वोल्टेज तार को व्यवस्थित कर विद्युत आपूर्ति बहाल की गयी. उपभोक्ताओं का कहना था कि प्रतिदिन कही न कही तार टूटने एवं अन्य तकनीकी गड़बड़ी की वजह से विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है. जिससे लोगो को गर्मी के मौसम में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.
