छपरा (कोर्ट). राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया. इसका उद्घाटन छपरा के व्यवहार न्यायालय के जिला व सत्र न्यायाधीश सह विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष पुनीत कुमार गर्ग, प्राधिकरण के सचिव सह अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पांडेय, जिलाधिकारी अमन समीर और पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया. इस मौके पर सभी बेंच के लिए प्रतिनियुक्त न्यायिक अधिकारी भी उपस्थित थे. उद्घाटन के बाद, छपरा और सोनपुर में कुल 14 बेंचों पर मामले का निष्पादन शुरू किया गया. लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामले जैसे बैंक के ऋण मामले, दुर्घटना क्लेम, न्यायालय में लंबित फौजदारी और दीवानी मामले, पारिवारिक विवाद, एनआइ एक्ट, भू अधिग्रहण, खनन, बिजली-पानी, कर्मचारियों के वेतन और पेंशन, ग्राम कचहरी, और बीएसएनएल के मामलों का सुलह समझौता के आधार पर निबटारा किया गया. कुल 7531 मामलों को चिह्नित किया गया, जिसमें से 21935 बैंक और बीएसएनएल के मामलों में 1119 मामलों का सुलह समझौते के आधार पर निष्पादन किया गया. इसमें बैंक के 1104 मामलों में सात करोड़ 64 लाख 68 हजार 832 रुपये और बीएसएनएल के 15 मामलों में एक लाख 62 हजार 992 रुपये का समझौता हुआ. इसके साथ ही एक लाख 11 हजार 593 रुपये का राजस्व भी प्राप्त हुआ. लोक अदालत में सबसे अधिक समझौता स्टेट बैंक द्वारा हुआ, जिसमें एक करोड़ 84 लाख 20 हजार 998 रुपये का समझौता और 56 लाख 24 हजार 66 रुपये की वसूली की गयी.
जनता दरबार में चार मामलों का हुआ निबटारा
नगरा. शनिवार को खैरा थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों की विभिन्न शिकायतों पर सुनवाई की गयी. इस अवसर पर नगरा सीओ अभिषेक कुमार और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में फरियादियों ने अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया. सीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि जनता दरबार में कुल आठ मामले प्रस्तुत किये गये, जिनमें से चार मामलों का तत्काल निष्पादन किया गया, जबकि बाकी चार मामलों को अगली निर्धारित तिथि के लिए रखा गया. इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद और अन्य प्रशासनिक मुद्दों से संबंधित शिकायतें आईं. कुछ मामलों को दोनों पक्षों की सहमति से सुलझा लिया गया. सीओ ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करना है, ताकि क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी रहे. इस कार्यक्रम में खैरा थानाध्यक्ष अनिमा राणा, अन्य पुलिसकर्मी और नगरा अंचल के कर्मचारी भी उपस्थित थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
