Bihar Vidya Saathi App: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार बच्चों को बेहतर पढ़ाई और सही मार्गदर्शन देने के लिए लगातार काम कर रही है. इसी दिशा में 24X7 '1:1' इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म बिहार विद्या साथी ऐप शुरू किया गया है. इस ऐप से क्लास 9 से 12 तक के छात्रों को पढ़ाई और सवालों का जवाब पाने में आसानी होगी.
क्या बोले सीएम सम्राट
लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ऐप की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों को अब अपनी पढ़ाई से जुड़ी मदद के लिए ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा.
क्लास 9 से 12 तक के छात्रों के लिए 24 घंटे मुफ्त लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे. छात्र अपनी जरूरत और पसंद के हिसाब से शिक्षक चुन सकेंगे. इसके बाद वे शिक्षक से वन-टू-वन बातचीत कर पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे और अपनी शंकाओं का समाधान पा सकेंगे.
पहले चरण में 3 लाख छात्रों को फायदा
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार विद्या साथी का फायदा पहले चरण में 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 3 लाख छात्रों को मिलेगा. इसके बाद इस सुविधा को राज्य के दूसरे सभी स्कूलों तक भी पहुंचाने की योजना है.
छात्रों को बेहतर और व्यक्तिगत पढ़ाई की मदद देने के लिए 75 हजार शिक्षकों का नेटवर्क तैयार किया गया है. क्लास 9 और 10 के सभी विषयों के छात्रों को लाइव शिक्षक की मदद मिलेगी. 11 और 12 के विज्ञान वर्ग के छात्रों को भी लाइव सपोर्ट दिया जाएगा.
इसके अलावा छात्रों को बिहार बोर्ड के साथ-साथ JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए AI आधारित डिजिटल पढ़ाई की सामग्री भी मुफ्त मिलेगी.
AI से आसान होगी कॉन्सेप्ट की पढ़ाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक AI टूल्स की मदद से छात्रों को किसी भी विषय को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी. छात्रों को पढ़ाई और प्रैक्टिस के लिए असीमित सुविधा दी जाएगी. इससे वे अपनी गति के अनुसार पढ़ सकेंगे और कमजोर विषयों पर ज्यादा अभ्यास कर सकेंगे.
छात्राओं ने दिखाया ऐप का लाइव डेमो
कार्यक्रम के दौरान राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्रा जाहन्वी और जिया ने मुख्यमंत्री के सामने बिहार विद्या साथी ऐप का लाइव डेमो दिया. छात्राओं ने बताया कि ऐप से पढ़ाई में किस तरह मदद मिल सकती है. इस सुविधा की शुरुआत के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार भी जताया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
छात्रों के लिए मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि छात्र कहीं भी और किसी भी समय पढ़ाई करें, उन्हें अपने सवाल का जवाब और शिक्षक की मदद मिलती रहे. उन्होंने छात्रों से बिहार विद्या साथी की सुविधा का ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि छात्र अपनी जिज्ञासा और सवालों का समाधान करें और नॉलेज और स्किल के जरिए अपने जीवन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं.
इसे भी पढ़ें: फरक्का बैराज पर बिहार में सियासत, लालू पर भड़के संजय झा, पूछा- 1996 में किसने राज्य के हित का सौदा किया था?
