Samastipur Crime News: थाना क्षेत्र के गोसपुर स्थित एसएच-88 के पास मंगलवार को एक युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया. घटना में घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पिस्टल के बट और रॉड से मारपीट का आरोप
घायल की पहचान भगवानपुर चकसेखु निवासी राजवंशी गिरी के पुत्र प्रकाश कुमार गिरी (29) के रूप में हुई है.
प्रकाश कुमार गिरी ने आरोप लगाया कि 3-4 बाइक पर सवार होकर आए आधा दर्जन युवकों ने उन्हें घेर लिया और पिस्टल के बट तथा लोहे की रॉड से मारपीट की. उनका आरोप है कि शोर सुनकर स्थानीय लोग जुटे, जिसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर उनके पास रखे 5 हजार रुपये भी लेकर चले गए.
रंगदारी विवाद से जोड़ा मामला
घायल ने पुलिस को बताया कि कुछ महीने पहले उसके भाई विकास गिरी से दलसिंहसराय निवासी अभिषेक, उज्ज्वल, शिवम चौधरी, अंकित, विशाल सहित अन्य युवकों ने कथित रूप से 10 हजार रुपये प्रतिमाह रंगदारी की मांग की थी. इस संबंध में थाना में पहले ही प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
पीड़ित का आरोप है कि उस मामले में अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ गया और इसी कारण यह हमला किया गया.
पहले भी धमकी देने का आरोप
घायल के भाई विकास गिरी ने आरोप लगाया कि 23 अप्रैल को भी रंगदारी नहीं देने पर उन्हीं युवकों ने उनके साथ मारपीट की थी और पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी थी. उन्होंने कहा कि उस मामले में लिखित शिकायत देने के बावजूद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का बयान दर्ज किया. पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
