महिला को बचाने के क्रम में ट्रेन से कटकर युवक की हुई मौत,Young man dies after being hit by train while trying to save woman
शाहपुर पटोरी : स्थानीय शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर दिल्ली जाने वाली पूरबिया ट्रेन का इंतजार कर रहे युवक की एक महिला को बचाने के क्रम में ट्रेन से कटकर मौत हो गई. मृत युवक की पहचान थाना क्षेत्र के प्यारेपुर निवासी लगन राय के पुत्र राकेश कुमार (26) के रूप में की गई है. जीआरपी पुलिस ने मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मिली जानकारी के अनुसार युवक पूरबिया ट्रेन से दिल्ली जा रहा था. शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर खड़ा होकर ट्रेन का इंतजार कर रहा था. ट्रेन आने ही वाली थी, इसी दौरान उक्त युवक ने एक महिला को टारा मुहल्ला की ओर से रेल लाइन पार कर बाजार आते देखा. वह महिला लाइन पार कर बाजार जा रही थी. उसी वक्त एक अप मालगाड़ी आ रही थी. युवक महिला को बचाने के लिए वह रेल लाइन पर गया और स्वयं मालगाड़ी की चपेट में आकर उसके शरीर के दो टुकड़े हो गये. उसने महिला को तो बचा लिया, लेकिन इस घटना में उसकी मौत हो गई. इस घटना में उक्त महिला को भी हल्की चोट लगी है. मौजूद लोगों द्वारा महिला को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूचना मिलते ही जीआरपी व आरपीएफ घटना स्थल पर पहुंच गई. छानबीन के बाद मृतक युवक के घर में घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही मृत युवक के परिजन भी आ गये. परिजनों के चीत्कार से रेलवे स्टेशन पर मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
