Samastipur Crime News: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़खानी, दुर्व्यवहार, मोबाइल छीनने और जान से मारने की गंभीर धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस बाबत पीड़िता के चाचा ने विभूतिपुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज शिकायत के अनुसार, युवती जरूरी दस्तावेजों की फोटोस्टेट कराने के लिए पंचवटी चौक स्थित एक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) गई हुई थी. वहां सिंघियाघाट निवासी एक मनचले ने उससे अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया और लगातार उसका मोबाइल नंबर मांगने लगा.
सुनसान जगह पर साइकिल रोककर खींचा दुपट्टा
युवती द्वारा मोबाइल नंबर देने से साफ इनकार करने पर आरोपी उसका पीछा करने लगा. जैसे ही युवती साइकिल से ब्रह्मस्थान के आगे एक सुनसान रास्ते पर पहुंची, आरोपी ने जबरन उसकी साइकिल रोक ली और गलत नीयत से उसे पकड़ लिया. विरोध करने पर मनचले ने उसका दुपट्टा खींच लिया और जबरन अपने फोन से उसकी कई तस्वीरें खींच लीं. इसके बाद आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल फोन और बैग में रखे पांच सौ रुपये नकद लूट लिए. जाते समय उसने धमकी दी कि पुलिस या परिजनों को बताने पर वह उसे जान से मार देगा.
शिकायत करने पहुंचे परिजनों से की बदसलूकी
डरी-सहमी युवती ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई. घटना की जानकारी मिलने पर युवती के परिजन आरोपी की दुकान पर बातचीत करने और समझाने पहुंचे. लेकिन आरोपी उल्टे उग्र हो गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया, जिसके बाद परिजन किसी तरह अपनी जान बचाकर घर लौटे. इसके बाद से आरोपी युवती के छीने हुए मोबाइल का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है. साथ ही शादी का दबाव बनाते हुए इनकार करने पर गोली मारने की लगातार धमकी दे रहा है.
थाने में प्राथमिकी दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
घटना से पीड़ित परिवार भारी दहशत के साए में जीने को मजबूर है. इस संबंध में पूछे जाने पर विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और छीने गए मोबाइल व सोशल मीडिया पोस्ट की तकनीकी जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है
यह भी पढ़ें... मोतिहारी के बंजरिया में जर्जर बिजली तारों से दहशत, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
