Samastipur Accident News: घटहो थाना क्षेत्र के बनघारा गांव में शनिवार को तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतका की पहचान बनघारा गांव निवासी शिवशंकर साह की पत्नी सीता देवी (59) के रूप में हुई है. हादसा बनघारा-विद्यापतिनगर मुख्य सड़क पर हुआ.
खेत में मजदूरी कर पैदल लौट रही थी महिला
ग्रामीणों के अनुसार, सीता देवी खेत में मजदूरी करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान सड़क पर तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी.
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं. आसपास के लोग जब तक उन्हें इलाज के लिए ले जाने की व्यवस्था करते, तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो गयी.
ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जताया आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये. हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बनघारा-विद्यापतिनगर मुख्य सड़क को जाम कर दिया.
ग्रामीण बाइक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने और मृतका के परिजन को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
पुलिस के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ जाम
सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को समझाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया जा सका और यातायात सामान्य हुआ.
घटहो थानाध्यक्ष कुमार रजनीश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. दुर्घटना में शामिल बाइक और उसके चालक की पहचान की जा रही है. मामले में आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
यह भी पढ़ें
Samastipur News: बिथान में जनसंवाद के दौरान डिग्री कॉलेज, रेल और सड़क की समस्याएं उठीं
