ब्रांच कटिंग के दौरान दो लाइनमैन से मारपीट, सड़क जाम कर गिरफ्तारी की मांग

समस्तीपुर के विद्यापतिनगर में विद्युत लाइन की ब्रांच कटिंग के दौरान दो लाइनमैनों के साथ हुई मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया है. गंभीर रूप से घायल लाइनमैनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Vidyapatinagar News: विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के कांचा फीडर अंतर्गत मंगलवार को विद्युत लाइन की ब्रांच कटिंग के दौरान दो मानव बल (लाइनमैन) के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल, समस्तीपुर रेफर कर दिया गया.

ब्रांच कटिंग के दौरान हुआ विवाद

घायलों की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के वार्ड 14 निवासी प्रदीप कुमार और हैथिंगपुर वार्ड 10 निवासी चतुरानंद राय के रूप में हुई है. दोनों विद्युत विभाग में मानव बल के रूप में कार्यरत हैं और कांचा फीडर क्षेत्र में एचटी लाइन के पास पेड़ों की टहनियों की कटाई (ब्रांच कटिंग) का कार्य कर रहे थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर ईशांत हत्याकांड के एक आरोपित के परिजन के बारे में जानकारी पूछने लगे. घायलों द्वारा जानकारी नहीं होने की बात कहने पर विवाद हो गया.

मारपीट का आरोप, दोनों गंभीर घायल

घायलों का आरोप है कि इसके बाद उनके साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, विद्यापतिनगर ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

सड़क जाम कर की गिरफ्तारी की मांग

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने धरणीधर उच्च विद्यालय के समीप सिमरी-मोदुदाबाद सड़क जाम कर दी. प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर विद्यापतिनगर थाना पुलिस घटनास्थल और अस्पताल पहुंची. पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज किया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

ईशांत हत्याकांड से जुड़े विवाद की चर्चा

स्थानीय स्तर पर घटना को चर्चित ईशांत हत्याकांड से जुड़े विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा.

कनीय अभियंता ने की घटना की पुष्टि

दलसिंहसराय के कनीय अभियंता सचिन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सहायक अभियंता नीलेश कुमार के निर्देश पर दोनों मानव बल कांचा विद्युत स्टेशन से जुड़ी एचटी लाइन के संपर्क में आने वाली पेड़ों की टहनियों की कटाई कर रहे थे. इसी दौरान उनके साथ मारपीट की घटना हुई. उन्होंने बताया कि विद्यापतिनगर के जेई अवकाश पर होने के कारण वे इस क्षेत्र का प्रभार संभाल रहे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >