विकसित किये गये संकर मक्का के दो नये प्रभेद

डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय ने मक्का के दो नए संकर प्रभेद विकसित किए हैं, जो अधिक उत्पादन और रोगों से सुरक्षा प्रदान करेंगे।

प्रतिनिधि, पूसा : डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा अंतर्गत तिरहुत कृषि महाविद्यालय ढोली के आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन विभाग में कार्यरत डॉ. अजय कुमार, फसल समन्वयक (मक्का) सह मक्का प्रजनक द्वारा विकसित दो नवीन मक्का संकर राजेंद्र हाइब्रिड मक्का 5 एवं राजेंद्र हाइब्रिड मक्का 6 की पहचान विश्वविद्यालय की 21वीं अनुसंधान परिषद् बैठक में की गई. इन प्रभेदों का विकास अखिल भारतीय समन्वित मक्का अनुसंधान परियोजना के अंतर्गत किया गया है. राजेंद्र हाइब्रिड मक्का 5 रबी मौसम का मध्यम अवधि 135-140 दिन में पकने वाला स्टे-ग्रीन संकर मक्का है. इसकी उत्पादन क्षमता लगभग 100 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है. यह टर्सिकम लीफ ब्लाइट एवं मेडिस लीफ ब्लाइट रोगों के प्रति प्रतिरोधी व तना छेदक एवं फॉल आर्मीवर्म के प्रति मध्यम प्रतिरोधी है. इसके आकर्षक, मोटे एवं नारंगी-पीले दाने किसानों को मक्का दाना उत्पादन के साथ-साथ मवेशियों के लिए हरा चारा और बाजार दोनों के लिए उपयुक्त है. राजेंद्र हाइब्रिड मक्का 6 पूर्ण अवधि 150-160 दिन में तैयार होने वाला संकर मक्का है. इसकी उत्पादन क्षमता 108-110 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक है. यह विभिन्न कृषि-जलवायु परिस्थितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करता है. सिंचित एवं वर्षा आधारित दोनों क्षेत्रों के लिए उपयुक्त है. इसके पीले, मोटे एवं उच्च गुणवत्ता वाले दाने बेहतर बाजार मूल्य प्रदान करते हैं. डॉ. अजय कुमार ने बताया कि दोनों संकर प्रभेदों का उद्देश्य किसानों को उच्च उत्पादन, जलवायु-अनुकूल खेती, रोग एवं कीटों से बेहतर सुरक्षा व अधिक लाभ उपलब्ध कराना है. ये संकर मक्का पोल्ट्री एवं पशु आहार उद्योग के साथ-साथ जैव-एथेनॉल उत्पादन के लिए भी उपयोगी सिद्ध होंगे. विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के अनुसार, इन नवीन संकर प्रभेदों का विकास बिहार एवं पूर्वी भारत में मक्का उत्पादन बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि करने व सतत कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Subash chandra ku

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >