समस्तीपुर: हलई थाना क्षेत्र की बनवीरा पंचायत के रहने वाले ट्रक चालक रमेश राय की पटना में पीट-पीटकर हत्या कर दिये जाने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पटना स्थित घटनास्थल पर पहुंचे. विधायक रणविजय साहू और मुन्ना कुमार ने भी घटनास्थल पहुंचकर हालात का जायजा लिया.
दीदारगंज के गोदाम में बोरा अनलोड करने के दौरान हुआ विवाद
बताया जाता है कि रमेश राय पटना के दीदारगंज स्थित एक गोदाम के लिए ट्रक चलाते थे. वह रायपुर से बोरा लोड कर पटना पहुंचे थे. बोरा अनलोड करने के दौरान गोदाम संचालक से उनका विवाद हो गया.
बताया जा रहा है कि बोरा भीग जाने के कारण काफी नुकसान होने की बात कही जा रही थी. इसी को लेकर गोदाम संचालक और ट्रक चालक के बीच बकझक हुई थी.
गोदाम संचालक पर पिटाई का आरोप
सूत्रों के अनुसार, नुकसान का हवाला देते हुए गोदाम संचालक ने ट्रक चालक की बेरहमी से पिटाई की, जिसके बाद उसकी मौत हो गयी. हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और मौत के कारणों को लेकर पुलिस की जांच महत्वपूर्ण है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक रणविजय साहू ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने पुलिस से मामले में हर संभव कार्रवाई करने की बात कही.
रमेश राय के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग भी घटना की वजह और पूरे मामले की सच्चाई जानने को लेकर चिंतित हैं.
यह भी पढ़ें
दुर्गापूजा-छठ से पहले समस्तीपुर आने वाली ट्रेनों में बढ़ी वेटिंग, कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल
