एक ही रात छह घरों में चोरी से हड़कंप, नकदी-जेवर लेकर फरार हुए चोर; खेत में मिले टूटे बक्से

कल्याणपुर के कौरिया और डोमरिया घाट टोला में अज्ञात चोरों ने बीती रात 6 घरों को निशाना बनाया. नकदी और कीमती आभूषणों की चोरी से इलाके में दहशत है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Kalyanpur Theft News: थाना क्षेत्र के कौरिया और डोमरिया घाट टोला में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक करीब छह घरों को निशाना बनाया. चोर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

कई घरों से नकदी और जेवर चोरी

जानकारी के अनुसार, बुद्धू महतो के घर से करीब 75 हजार रुपये मूल्य के सोने की चकती और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए.

वहीं दिलीप साहनी, जीतू साहनी, छोटे राय और रामबाबू राय के घरों में रखे बक्सों से करीब 40 हजार रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए गए.

खेत में मिले टूटे हुए बक्से

वारदात के बाद चोर घरों से बक्से उठाकर पास के ढैंचा के खेत में ले गए, जहां उन्हें तोड़कर नकदी और कीमती सामान निकाल लिया. बाद में टूटे हुए बक्से वहीं छोड़ दिए गए.

सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ितों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Girija nandan sharma

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >