उजियारपुर : उजियारपुर मुख्यालय बाजार स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के कर्मी गुरुवार की शाम में मुख्य गेट के बाद वाली ग्रील गेट का ताला लगाना भूल गये. वहीं ग्रिल में चाबी सहित ताला लटक रहा था. इस पर स्थानीय लोगों की नजर शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे गई. ताला खुला देख लोग बैंक में चोरी होने की आशंका व्यक्त करने लगे. इसकी जानकारी उजियारपुर पुलिस को मिली, तो शीघ्र बैंक पहुंच कर पुलिस ने वहां की स्थिति का अवलोकन किया. हालांकि, बैंक के मुख्य गेट में ताला लगा था. इससे बैंक के भीतर कोई प्रवेश नहीं कर सकते थे. लोग इसे बैंककर्मी की लापरवाही बता रहे थे. इस संबंध में थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सुबह में ग्रामीणों ने बैंक के अंदर की कई ताले खुले देखकर चोरी होने की संभावना जताते हुए उन्हें जानकारी दी. इसके बाद बैंक निरीक्षण में सही सलामत देखकर बैंक मैनेजर को फोन कर इसकी सूचना दी गई. वहीं शाखा प्रबंधक एलएन झा ने बताया कि बैंक में सभी ताले लगे थे. एक सामान्य ताला जिसे दिन में बार-बार गेट खोलने और लगाने के लिए उपयोग में लाया जाता है वहीं एक ताला में चाबी लगा छूट गया था. उन्होंने बैंक में सभी सामान को सुरक्षित बताया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
