सरकारी स्कूलों की खुली पोल! निरीक्षण में पढ़ाई छोड़ मोबाइल चलाते मिले शिक्षक

समस्तीपुर के सरकारी स्कूलों में पठन-पाठन की गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं का हाल चिंताजनक है. औचक निरीक्षण में शिक्षक मोबाइल चलाते मिले और विकास कार्यों में बड़ी धांधली उजागर हुई.

Samastipur News:  विभूतिपुर प्रखंड शिक्षा समिति के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह एवं सदस्य राम प्रकाश सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पठन-पाठन व्यवस्था, शिक्षकों की कार्यशैली, वित्तीय प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. समिति ने पूरी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजने का निर्णय लिया है.

Vibhutipur News: पढ़ाया जा रहा पाठ ही नहीं बता सके शिक्षक

मध्य विद्यालय केरई में वर्ग-8 के शिक्षक राम सेवक राय हिंदी की कक्षा ले रहे थे. जांच टीम ने जब उनसे पूछा कि वे क्या पढ़ा रहे हैं, तो उन्होंने कविता पढ़ाने की बात कही. लेकिन कविता का नाम पूछे जाने पर वे उत्तर नहीं दे सके. समिति ने इसे विद्यार्थियों के भविष्य के साथ गंभीर लापरवाही बताया. प्रधानाध्यापक आरसी प्रसाद सिंह ने सभी कमियों को शीघ्र दूर करने का आश्वासन दिया.

क्लास में मोबाइल चलाते मिले शिक्षक

मध्य विद्यालय चकहबीब में वर्ग-4 की शिक्षिका नूतन कुमारी पढ़ाई छोड़ कुर्सी पर बैठकर मोबाइल चलाती मिलीं. वहीं वर्ग-6 के शिक्षक श्याम कुमार भी मोबाइल अपने पास रखकर बैठे पाए गए. निरीक्षण के दौरान स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर लैब से कई उपकरण गायब मिले. रजिस्टर में नौ छात्रों की उपस्थिति दर्ज थी, जबकि कक्षा में केवल तीन छात्र मौजूद मिले.

विकास मद और आधारभूत सुविधाओं पर उठे सवाल

विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीत कुमार बैठक पुस्तिका उपलब्ध नहीं करा सके. समिति ने पाया कि विद्यालय विकास मद से 75 हजार रुपये की राशि निकाली जा चुकी है, लेकिन धरातल पर कोई विकास कार्य दिखाई नहीं दिया. शौचालय बंद मिला और परिसर में गंदगी फैली हुई थी. टीम ने मध्य विद्यालय केरई, शाहपुर परोही, चकहबीब, प्राथमिक विद्यालय कल्याणपुर पश्चिम, मुशहरी आलमपुर तथा उच्च मध्य विद्यालय मिल्की भूमिहार टोल का निरीक्षण किया.

कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी रिपोर्ट

समिति अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी ताकि दोषियों के विरुद्ध विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सके. प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी ने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को तलब कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित कराया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >