Samastipur News: जिले के पुलिस महकमे में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है. पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने ताजपुर थाना के थानाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज करते हुए उनकी जगह पुलिस केंद्र में मेजर के पद पर कार्यरत पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार को ताजपुर थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया है. इस संबंध में एसपी कार्यालय से आदेश जारी कर दिया गया है.
कार्य प्रदर्शन की समीक्षा के बाद कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राकेश कुमार शर्मा के कार्य प्रदर्शन की समीक्षा के दौरान कांडों के निष्पादन की गति संतोषजनक नहीं पाई गई. लंबित मामलों की संख्या अधिक होने के साथ-साथ थाना क्षेत्र में हुई कुछ लूट की घटनाओं के अनुसंधान में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और एक हत्या के मामले के अनुसंधान को लेकर भी शिकायतें सामने आई थीं.
नए थानाध्यक्ष संभालेंगे जिम्मेदारी
नए थानाध्यक्ष के रूप में नियुक्त पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार अब ताजपुर थाना की कमान संभालेंगे. माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में लंबित मामलों के निष्पादन और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
एसपी बोले- सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया
पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि यह सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया फेरबदल है. उन्होंने बताया कि समय-समय पर पुलिस पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की जाती है और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से आवश्यक प्रशासनिक निर्णय लिए जाते हैं.
