समस्तीपुर के ताजपुर से मुकुल उपाध्याय की रिपोर्ट
Tajpur Crime Protest CPIML: ताजपुर इलाके में लगातार बढ़ रही हत्या, लूट, और दुष्कर्म जैसी आपराधिक घटनाओं के खिलाफ भाकपा माले के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा है. क्षेत्र में कानून व्यवस्था की बदहाली और पुलिसिया जुल्म के विरोध में माले कार्यकर्ताओं ने एक विशाल जुलूस निकाला. इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने ताजपुर थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. इस पूरे विरोध प्रदर्शन और सभा का नेतृत्व माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया.
अपराधियों की गिरफ्तारी और कांडों के उद्भेदन की मांग
प्रदर्शनकारियों ने हाल ही में घटित कई गंभीर मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. माले नेताओं ने मांग की कि मोटरसाइकिल मिस्त्री संजीव सहनी के हत्यारों और किराना दुकानदार नरेश चौधरी को गोली मारने वाले अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए. इसके साथ ही फतेहपुर में नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म कांड के आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी, नीम चौक सोना लूट कांड और दर्जीनिया चौड़ में हुए हत्याकांडों का जल्द से जल्द उद्भेदन करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई गई.
पुलिसिया जुल्म और महिलाओं की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की चेतावनी
थाना घेराव के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि क्षेत्र में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिसे रोकने में स्थानीय पुलिस पूरी तरह विफल साबित हो रही है. उन्होंने पुलिसिया जुल्म पर तुरंत रोक लगाने की मांग की. इसके अलावा माले कार्यकर्ताओं ने शराब से जुड़े मामलों में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को बेवजह जेल भेजने की कार्रवाई पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की चेतावनी दी. चेतावनी दी गई कि यदि कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
