Dalsinghsarai News: पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने शुक्रवार को दलसिंहसराय अंचल निरीक्षक कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कार्यालय के अभिलेखों, अपराध पंजी तथा लंबित मामलों की पत्रावलियों की गहन समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए.
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निपटारा पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जांच अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में देरी हो रही है, उनका निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
अभिलेखों के रखरखाव और अनुशासन की समीक्षा
एसपी ने रोकड़ बही, गुंडा पंजी, स्टेशन डायरी एवं अन्य अभिलेखों को अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए. इसके साथ ही कार्यालय परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था तथा पुलिसकर्मियों के वर्दी अनुशासन का भी निरीक्षण किया.
रात्रि गश्त और गिरफ्तारी अभियान तेज करने का निर्देश
अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने अंचल क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पुलिस उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि कर्तव्य के प्रति शिथिलता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी, जबकि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा. साथ ही अंचल निरीक्षक को अधीनस्थ थानों का नियमित निरीक्षण करने और फरियादियों को त्वरित एवं सम्मानजनक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान डीएसपी विवेक कुमार शर्मा, अंचल निरीक्षक पिंकी प्रसाद, उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, दलसिंहसराय थाना के अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
