Samastipur News: मानव और संपूर्ण जीव-जगत के अस्तित्व को सुरक्षित रखने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करना जरूरी है. इसके स्थान पर इको फ्रेंडली विकल्पों को अपनाना चाहिए. ये बातें सोमवार को प्लस टू हाई स्कूल सुल्तानपुर पूरब के सभागार में सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बिहार अभियान के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम सह परिचर्चा में मुख्य वक्ता अभियान के एक्टिविस्ट भाई रणधीर ने कहीं. कार्यक्रम की अध्यक्षता एचएम दीपक कुमार ने की, जबकि संचालन शिक्षक राजेश कुमार ने किया. आयोजन इको क्लब और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बिहार अभियान के संयुक्त तत्वावधान में हुआ.
प्लास्टिक से पर्यावरण को होने वाले नुकसान की दी जानकारी
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्लास्टिक की थैली, गिलास, प्लेट और स्ट्रॉ जैसी वस्तुएं लंबे समय तक नष्ट नहीं होती हैं. इससे नालियां जाम होने के साथ जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है. खेतों में प्लास्टिक पहुंचने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है, जबकि पशुओं के इसे खाने से उनकी जान तक जा सकती है. प्लास्टिक जलाने पर निकलने वाली जहरीली गैसें स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक हैं.
इन विकल्पों के इस्तेमाल की अपील
कार्यक्रम के दौरान लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गयी.
- बाजार जाते समय कपड़े या जूट का थैला इस्तेमाल करें
- प्लास्टिक गिलास की जगह कुल्हड़, स्टील या कांच के गिलास अपनाएं
- भोजन के लिए पत्तल, दोना और केले के पत्ते का इस्तेमाल करें
- पानी के लिए स्टील या तांबे की बोतल का उपयोग करें
वक्ताओं ने कहा कि सरकार की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका इस्तेमाल अब भी जारी है. इसके लिए आम लोगों को जागरूक होकर प्लास्टिक का उपयोग बंद करना होगा.
छात्रों ने लिया प्लास्टिक इस्तेमाल नहीं करने का संकल्प
कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं और पर्यावरण प्रेमियों ने स्वयं सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने तथा दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करने का संकल्प लिया. स्थानीय ग्रामीणों ने भी अभियान का समर्थन करते हुए गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया.
विद्यालय परिसर में किया पौधरोपण
जागरूकता कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया. मौके पर कुमार नीरज, रविशंकर, राम कुमार, प्रियंका गुप्ता, तनुजा, साक्षी, अदिति, सलोनी, अंजली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर जंक्शन के फुट ओवरब्रिज पर गिरा व्यक्ति, बेहोशी की हालत में सदर अस्पताल भेजा गया
