Samastipur News: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर चौक पर हुए सड़क हादसे में डीएवी पब्लिक स्कूल, हरपुर एलौथ के बस चालक मो. आयूब की मौत के बाद प्रशासन ने उनके परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि मृतक के आश्रितों को तत्काल राहत के रूप में 20 हजार रुपये दिए जाएंगे.
हाइवा की चपेट में आने से हुई थी मौत
बताते चलें कि शनिवार सुबह एनएच-28 स्थित गंगापुर चौक पर तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने सड़क किनारे खड़े 53 वर्षीय मो. आयूब को कुचल दिया था. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी. इसी दुर्घटना में सड़क किनारे सवारी का इंतजार कर रहे टोटो चालक शंकर दास गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक मो. आयूब सरायरंजन थाना क्षेत्र के जितवारपुर कुम्हिरा गांव के निवासी थे. वे लंबे समय से स्कूल बस चालक के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे. उनकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा और टोटो को जब्त कर लिया था. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है. प्रशासन की ओर से सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू होने से परिजनों को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है.
