समस्तीपुर: नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मुख्य शाखा के सामने मंगलवार को बाइक सवार बदमाशों ने बैंक से रुपये निकालकर बाहर निकले एक ग्राहक को निशाना बनाया. बदमाशों ने दो बाइकों से उसे आगे-पीछे से घेर लिया और हाथ में रखे प्लास्टिक के झोले को काटकर उसमें रखे 49 हजार रुपये निकाल लिये. घटना के बाद पीड़ित ने नगर थाने में आवेदन देकर शिकायत की है.
बैंक से रुपये निकालकर बाहर निकले थे राजेंद्र
पीड़ित की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर चौथ वार्ड संख्या-17 निवासी राजेंद्र रजक के रूप में हुई है. उन्होंने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर की दोपहर वह काशीपुर स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा से 49 हजार रुपये निकालने पहुंचे थे.
बैंक से रुपये निकालने के बाद उन्होंने पूरी रकम प्लास्टिक के झोले में रख ली और सड़क पर निकल गये. इसी दौरान दो बाइक पर सवार बदमाशों ने उन्हें आगे और पीछे से घेर लिया.
चकमा देकर काट दिया प्लास्टिक का झोला
पीड़ित के अनुसार, दोनों बाइकों के बीच फंसे होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने उन्हें चकमा दिया. इसी दौरान उनके हाथ में मौजूद प्लास्टिक के झोले को काटकर उसमें रखे 49 हजार रुपये निकाल लिये.
वारदात इतनी तेजी से हुई कि राजेंद्र रजक को तत्काल घटना का पता नहीं चला. कुछ देर बाद झोला कटा हुआ मिलने पर उन्हें रुपये गायब होने की जानकारी हुई. इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की शिकायत मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. बदमाशों की पहचान के लिए बैंक के आसपास और घटनास्थल के समीप लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
पुलिस बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए उपलब्ध फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें
समस्तीपुर: बिथान रेलवे पुल के नीचे सालों से जलजमाव, डीआरएम के आश्वासन के बाद भी नहीं बदली तस्वीर
