Samastipur News: रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वरीय लिपिक अनिल राम को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. टीम आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ के लिए रवाना हो गई है.
सेवानिवृत्त कर्मी से मांगी जा रही थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, अस्पताल के पूर्व एक्स-रे संचालक देवेंद्र मंडल की सेवानिवृत्ति के बाद उनकी सर्विस बुक अग्रसारित करने और सेवानिवृत्ति लाभ दिलाने के नाम पर अनिल राम लगातार मोटी रकम की मांग कर रहा था. रिश्वत नहीं देने पर फाइल को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा था, जिससे सेवानिवृत्त कर्मी को परेशानी हो रही थी.
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
लगातार मांग से परेशान होकर देवेंद्र मंडल ने निगरानी विभाग में शिकायत की. सत्यापन के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने घूस की रकम ली, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.
भ्रष्टाचार पर सख्त संदेश
इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है. अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.
रोसड़ा से मनोज कुमार की रिपोर्ट
यह भी पढे़ं: Samastipur: काल बनकर बरसा मेघ, शादी वाले घर में छाया मातम, एक की मौत
