समस्तीपुर से अभय कुमार सिंह की रिपोर्ट
Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मुसापुर गांव में 22 वर्षीय युवक की हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है. मंगलवार सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सुरैया चौर में युवक का शव मिलने के बाद लोगों की भारी भीड़ जुट गई. घटना घटहो थाना क्षेत्र की है. मृतक की पहचान मुसापुर वार्ड-11 बिंदटोला निवासी सुबोध कुमार महतो के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है.
शादी समारोह में गया था युवक
परिजनों के अनुसार विकास सोमवार रात गांव में आयोजित एक शादी समारोह में डांस देखने और शामिल होने गया था. देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे.
चौर में मिला खून से सना शव
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने सुरैया चौर में युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा. शव के पास ताश की गड्डियां भी बरामद हुई हैं, जिसके बाद घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
गले पर चाकू से वार की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय डीएसपी विवेक शर्मा और घटहो थानाध्यक्ष रजनीश कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस के मुताबिक युवक की हत्या गले के पीछे चाकू से वार कर की गई है.
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. हत्या के पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं हो पाई है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
