Samastipur News: प्रशिक्षु सिपाहियों का दमखम,12 किलो वजन और हथियार के साथ 20 किमी पैदल मार्च

Samastipur News: एसपी के निर्देश पर 266 प्रशिक्षु आरक्षियों ने 12 किलो वजन और हथियारों के साथ 20 किलोमीटर का नाइट रूट मार्च निकाला. इस अभ्यास का उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में जवानों की शारीरिक क्षमता और अनुशासन को परखना था. पढ़ें पूरी खबर…

Samastipur News: पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर पुलिस केंद्र के प्रशिक्षु आरक्षियों ने अपनी शारीरिक और मानसिक क्षमता का लोहा मनवाया. देर रात ए-स्केल यानी हथियार के साथ प्रशिक्षुओं ने शहर में 20 किलोमीटर लंबा ‘नाइट रूट मार्च’ निकाला. इस मार्च की खास बात यह रही कि प्रत्येक प्रशिक्षु ने आधुनिक हथियारों के साथ करीब 12 किलोग्राम का वजन लेकर लंबी दूरी तय की.

शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा काफिला

यह नाइट रूट मार्च पुलिस केंद्र से शुरू होकर मोहनपुर चौक, महादेव स्थान, डीआरएम ऑफिस, केंद्रीय विद्यालय और मालगोदाम चौक होते हुए जितवारपुर हाउसिंग बोर्ड तक पहुँचा. यहाँ से बांध के रास्ते मगरदही घाट पर अस्थायी विश्राम स्थल बनाया गया था. इसके बाद दस्ता गोला रोड, थानेश्वर मंदिर और जेल चौक होते हुए वापस पुलिस केंद्र पहुँचा.

कठिन परिस्थितियों के लिए तैयारी

इस अभ्यास में कुल 266 प्रशिक्षु आरक्षी शामिल हुए. एसपी ने बताया कि इस मार्च का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं की शारीरिक सहनशक्ति, मानसिक दृढ़ता और कठिन परिस्थितियों में अनुशासन बनाए रखने की क्षमता का परीक्षण करना था. रात के सन्नाटे में भारी वजन के साथ मार्च कर इन जवानों ने यह साबित किया कि वे किसी भी चुनौती के लिए तैयार हैं. पूरे अभ्यास के दौरान वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा और व्यवस्था की निगरानी करते रहे.

समस्तीपुर से अंकुर की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >