समस्तीपुर के मोरवा से मनोज वर्मा की रिपोर्ट
Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मोरवा हलई थाना क्षेत्र अंतर्गत बनबीरा पंचायत के हलई बाजार में मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. यहाँ बिजली की करंट लगने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान राम पुकार साह के पुत्र राकेश साह के रूप में हुई है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
तार ठीक करने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, मंगलवार की सुबह राकेश अपने घर के समीप लगे बिजली के पोल के पास गया था. वह पोल से आई तार को ठीक करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान वह अचानक प्रवाहित बिजली की चपेट में आ गया. करंट इतना जोरदार था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
टूटे तार ने ली जान, विभाग पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही हलई बाजार में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पोल से नीचे आने वाली तार जर्जर और टूटी हुई थी, जिसकी वजह से यह दुखद हादसा हुआ. लोगों ने इस लापरवाही के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है. घटना की जानकारी तत्काल हलई थाना पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है.
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
राकेश साह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है. घर के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है. विधवा पत्नी और बिलखते बच्चों की स्थिति देख मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आँखें नम हो गईं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
