समस्तीपुर में फरार वार्ड पार्षद के घर इश्तेहार, होगी कुर्की-जब्ती

Samastipur News: समस्तीपुर में जमीन कब्जाने, मारपीट और 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में फरार वार्ड पार्षद चंदन यादव के घर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर इश्तेहार चस्पा किया. आत्मसमर्पण नहीं करने पर अब कुर्की-जब्ती की कार्रवाई होगी. जानिए खबर विस्तार से...

Samastipur News: नगर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर फरार अभियुक्त सह नगर निगम वार्ड-16 के पार्षद एवं सशक्त स्थायी समिति सदस्य चंदन यादव के घर डुगडुगी बजाकर इश्तेहार चस्पा किया. यह कार्रवाई नगर थाना कांड संख्या 215/24 में की गई.

जमीन कब्जाने और रंगदारी मांगने का है आरोप

पुलिस के अनुसार चंदन यादव पर जमीन कब्जाने, मारपीट और रंगदारी मांगने का आरोप है. मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कूटरचित दस्तावेज तैयार कर पैतृक जमीन हड़पने की कोशिश की गई. विरोध करने पर हथियार के बल पर धमकी देने, मारपीट करने, नकदी और सोने की चेन छीनने के साथ 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया गया है.

आत्मसमर्पण नहीं किया तो होगी कुर्की-जब्ती

कांड की अनुसंधानकर्ता सह नगर थाना की अपर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि अभियुक्त लगातार फरार चल रहा है. न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चस्पा किया गया है. यदि इसके बाद भी वह आत्मसमर्पण नहीं करता है तो उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी.

गिरफ्तारी के लिए जारी है छापेमारी

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >