Samastipur news: .दलसिंहसराय में अपराधियों के हौसले बुलंद दिखे, जब 32 नंबर रेलवे गुमटी मालगोदाम रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने सिविल ड्रेस में मौजूद महिला सिपाही से मोबाइल छीनने का प्रयास किया. स्थानीय लोगों के विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी.
फायरिंग में युवक घायल, अस्पताल से रेफर
फायरिंग के दौरान मौके पर मौजूद कास्मेटिक दुकानदार केशव कुमार (18) के हाथ में गोली लग गई. उसे तुरंत अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है.
मौके से कारतूस बरामद, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है.
शहर में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि शहर में छीनतई की घटनाएं बढ़ रही हैं. डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.
समस्तीपुर से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट
