समस्तीपुर: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में शनिवार को डिवाइडर से टकरायी हुंडई कार से कथित रूप से गांजा के पैकेट उठाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने 25 किलो गांजा बरामद किया है. पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
घर में बक्से से मिले गांजा के तीन पैकेट
पुलिस ने रविवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर मुसरीघरारी नगर पंचायत गेट के समीप मनोज कुमार चौधरी के घर में छापेमारी की. तलाशी के दौरान एक बक्से से गांजा के तीन पैकेट बरामद किये गये.
राजस्व पदाधिकारी सह दंडाधिकारी विश्वजीत कुमार की मौजूदगी में बरामद गांजा का वजन कराया गया. इसमें कुल 25 किलो गांजा पाया गया.
डिवाइडर से टकरायी थी हुंडई कार
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह इफ्को एजेंसी के सामने एक हुंडई कार डिवाइडर से टकरा गयी थी. हादसे के बाद कार में रखे कुछ पैकेटों को स्थानीय लोगों द्वारा उठाकर ले जाने की चर्चा थी. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
छापेमारी के दौरान घर के सदस्य फरार हो गये थे. बाद में मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार दोपहर दोबारा छापेमारी की और मनोज कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया.
सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी पुलिस
मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. हादसे के बाद पैकेट ले जाने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाला जायेगा.
पुलिस दुर्घटनाग्रस्त कार, उसके मालिक और उसमें सवार लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. थानाध्यक्ष के अनुसार, मामले में अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जायेगी.
यह भी पढ़ें
विभूतिपुर में किसान गोष्ठी, प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर; उर्वरक से जुड़ी समस्याओं का भी हुआ समाधान
