समस्तीपुर में बड़ी वारदात: बाहुबली प्रभात चौधरी समेत दो की गोली मारकर हत्या

समस्तीपुर के चकमेहसी में मंगलवार रात डबल मर्डर से सनसनी फैल गई. बेखौफ अपराधियों ने बाहुबली प्रभात चौधरी और उसके सहयोगी सन्नी को गोलियों से भून डाला. वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

Samastipur Double Murder:  जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.चकमेहसी थानाक्षेत्र के नामापुर दरिया गांव में मंगलवार देर रात बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने दो युवकों को गोलियों से भून डाला.इस भीषण गोलीबारी में दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.मृतकों की पहचान चकमेहसी थानाक्षेत्र के नीमा चकहैदर निवासी संजय चौधरी के पुत्र बाहुबली प्रभात चौधरी और उसके सहयोगी सन्नी कुमार के रूप में की गई है.डबल मर्डर की इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.

फोन कर बुलाया और स्कार्पियो सवार प्रभात पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियाँ

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात प्रभात चौधरी को किसी ने मोबाइल फोन कर नामापुर दरिया गांव बुलाया था.वहां पहले से ही घात लगाए बैठे हथियारबंद बदमाशों ने जाल बिछा रखा था.रात करीब दस बजे प्रभात चौधरी अपने सहयोगियों के साथ स्कार्पियो गाड़ी से नामापुर गांव पहुंचा.वहां पहुंचते ही कुछ लोगों से उसका विवाद शुरू हो गया.विवाद बढ़ते ही बदमाशों ने प्रभात और उसके सहयोगियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.जान बचाकर भागने के क्रम में बदमाशों ने खदेड़कर प्रभात और सन्नी को गोलियों से छलनी कर दिया जिससे दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

डीआईजी और एसपी पहुंचे मौके पर, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई.डीआईजी मनोज तिवारी, एसपी अरविंद प्रताप सिंह, सदर डीएसपी टू संजय कुमार और थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सहनी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे.पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से एक पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और खोखे बरामद कर साक्ष्य जुटाए हैं.पुलिस आपसी वर्चस्व समेत तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >