Samastipur News: समस्तीपुर कॉलेज में इस वर्ष 79वां स्थापना दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा. कॉलेज प्रशासन ने मुख्य कार्यक्रम 21 जुलाई 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है. इसके पहले 18 से 21 जुलाई तक कॉलेज परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में जिला नागरिक परिषद की पहली बैठक, विकास कार्यों में जनभागीदारी पर जोर
छात्रों की प्रतिभा को मिलेगा मंच
कॉलेज प्रशासन के अनुसार आयोजन का उद्देश्य संस्थान के स्थापना दिवस का उत्सव मनाने के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की कलात्मक और रचनात्मक प्रतिभा को मंच उपलब्ध कराना है.
इन चार दिनों के दौरान मेहंदी, रंगोली, क्विज, मिमिक्री, कोलाज मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, कार्टूनिंग, पेंटिंग (मधुबनी शैली सहित), पोस्टर मेकिंग और फायर-फ्री फूड स्टॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी.
अधिकतम तीन प्रतियोगिताओं में ले सकेंगे भाग
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि प्रत्येक छात्र-छात्रा अपनी रुचि के अनुसार अधिकतम तीन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकता है.
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से पंजीकरण
प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इच्छुक छात्र-छात्राएं कॉलेज द्वारा जारी गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
जो विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कर सकते, उनके लिए मनोविज्ञान विभाग में ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है.
15 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. इसके बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा.
प्रधानाचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार 'शशि' और कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रीता चौहान ने सभी विद्यार्थियों से स्थापना दिवस समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है.
