87 करोड़ से बनेगा रोसड़ा बाईपास, 13.8 KM सड़क से जाम से मिलेगी बड़ी राहत

समस्तीपुर में 87.18 करोड़ रुपये की लागत से रोसड़ा बाईपास परियोजना का निर्माण शुरू हो गया है. 13.815 किलोमीटर लंबी यह सड़क सिंघियाघाट और रोसड़ा बाजार में ट्रैफिक जाम को कम करेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देगी.

Samastipur Bypass: समस्तीपुर जिले के रोसड़ा और आसपास के लोगों के लिए रविवार का दिन विकास की नई उम्मीद लेकर आया. 87.18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली महत्वाकांक्षी रोसड़ा बाईपास परियोजना का निर्माण कार्य 9 अगस्त को शुरू हो गया. पथ निर्माण विभाग के मंत्री इं. कुमार शैलेंद्र ने कलवारा बालापर चौक के समीप आयोजित समारोह में शिलापट्ट का अनावरण और नारियल फोड़कर परियोजना का शुभारंभ किया. कार्यक्रम में सांसद शांभवी और विधायक वीरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे.

13.815 किलोमीटर लंबा होगा रोसड़ा बाईपास

इस परियोजना के तहत कुल 13.815 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा. बाईपास उत्तरी कलवारा बालापर चौक से शुरू होकर रोसड़ा-हथौड़ी कोठी पथ के दूसरे किलोमीटर से ढरहा एसएच-88 होते हुए लालपुर, मुहम्मदपुर और पबड़ा तक जाएगा. इसके बाद रोसड़ा बाईपास दक्षिणी रहुआ एसएच-55 के 26वें किलोमीटर से दौलतपुर एसएच-55 के 37वें किलोमीटर तक सड़क का निर्माण होगा.

सिंघियाघाट और रोसड़ा बाजार में घटेगा ट्रैफिक दबाव

पथ निर्माण मंत्री इं. कुमार शैलेंद्र ने कहा कि सिंघियाघाट और रोसड़ा बाजार में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. बाईपास बनने के बाद भारी वाहनों को रोसड़ा बाजार से होकर गुजरने की जरूरत नहीं होगी. खगड़िया और बेगूसराय से दरभंगा व समस्तीपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो जाएगा.

इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होने के साथ व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही आसान होगी. प्रशासन को भी यातायात नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहूलियत मिलेगी.

आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

मंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण से इलाके में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का रास्ता खुलेगा. उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की बुनियाद हैं और बिहार में सड़क नेटवर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है. उन्होंने रोसड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार के प्रयासों की भी सराहना की.

23 पुल और कई सड़क परियोजनाओं को मिली गति

समस्तीपुर की सांसद शांभवी ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को संसद में प्रमुखता से उठाने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने मुक्तापुर-भोला टॉकीज आरओबी, रोसड़ा बाईपास, ईंटेहर पंचायत पुल, माहे-सिंघिया पुल, जमुआ पुल, बहेड़ी-शिवाजीनगर सड़क चौड़ीकरण सहित करीब 23 पुलों और अस्पताल निर्माण जैसी योजनाओं को गति मिलने की जानकारी दी.

वहीं रोसड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार ने कहा कि वह पिछले छह वर्षों से बाईपास निर्माण के लिए प्रयासरत थे. उन्होंने कहा कि रोसड़ा से बेगूसराय के बीच ग्रीनफील्ड सड़क बनने पर दोनों शहरों की दूरी करीब 32 से 33 किलोमीटर रह जाएगी. उन्होंने दरभंगा कनेक्टिविटी के लिए सड़क संख्या-10 के चौड़ीकरण समेत अन्य सड़कों के निर्माण को भी गति देने की बात कही.

बल्लीपुर सड़क चौड़ीकरण का भी शिलान्यास

पथ निर्माण मंत्री ने बल्लीपुर में सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों ने सड़क व पुल से जुड़ी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं. कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक वीरेंद्र कुमार ने की, जबकि सांसद शांभवी और केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बनेंगे सेफ स्कूल जोन, स्कूलों के पास होंगे विशेष इंतजाम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >