विभूतिपुर प्रखंड अंतर्गत मुस्तफापुर वार्ड 9 मुसहरी में लगा 63 केवी का विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले दो दिनों से जला पड़ा है. इसके कारण मुस्तफापुर के वार्ड 9, 10, 11 और 12 समेत महमदपुर सकड़ा के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है. भीषण गर्मी में बिजली नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को दलसिंहसराय-सिंघियाघाट मुख्य मार्ग एच-88 को मुस्तफापुर चौक पर बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया.
बिजली ठप होने से पेयजल संकट
ग्रामीणों ने बताया कि दो दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण इलाके में पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है. मोटर नहीं चलने से लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है. मोबाइल चार्जिंग, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के जरूरी काम भी प्रभावित हैं. विभाग को सूचना देने के बाद भी ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया.
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं की संख्या के अनुसार क्षेत्र में कम से कम 200 केवी के ट्रांसफार्मर की जरूरत है. वर्तमान में 63 केवी का ट्रांसफार्मर लगा है, जिससे ओवरलोड के कारण अक्सर लो वोल्टेज की समस्या रहती है और ट्रांसफार्मर जल जाता है.
दो घंटे बाद आश्वासन पर हटा जाम
ग्रामीणों ने 63 केवी ट्रांसफार्मर हटाकर 200 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की. ग्रामीणों का कहना था कि यदि बड़ा ट्रांसफार्मर लगाना संभव नहीं है, तो लोड कम करने के लिए अलग-अलग वार्डों में दो से तीन नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं.
सड़क जाम की सूचना पर विभूतिपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. ग्रामीण विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे. विद्युत विभाग की ओर से जल्द ट्रांसफार्मर लगवाने का आश्वासन मिलने के बाद करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया. इसके बाद यातायात सामान्य हुआ.
