Rauniyar Vaishya Samiti Mahasammelan: रौनियार वैश्य समिति की जिला इकाई की बैठक शहर के मगरदहीघाट स्थित एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में आयोजित की गई. बैठक में 24 जुलाई को समस्तीपुर में होने वाले राज्यस्तरीय रौनियार वैश्य समिति महासम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की गई और आयोजन को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति बनाई गई.
महासम्मेलन की तैयारियों पर हुआ मंथन
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने की. उन्होंने कहा कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए संगठन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी. साथ ही संगठन की भावी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
सामाजिक एकता पर दिया जोर
जिलाध्यक्ष ने कहा कि वैश्य समाज की 56 उपजातियां हैं और बिहार की आबादी में उनकी उल्लेखनीय हिस्सेदारी होने के बावजूद समाज को आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया है.
उन्होंने कहा कि वैश्य समाज सरकार को सबसे अधिक कर (टैक्स) देने वाले वर्गों में शामिल है, लेकिन उसे उसके अनुरूप सम्मान और भागीदारी नहीं मिल रही है. समाज के सुरक्षा, सम्मान, उन्नति और विकास के लिए एकजुट होना समय की आवश्यकता है.
महासम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की अपील
बैठक में वक्ताओं ने सामाजिक एकता को सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी लोगों से महासम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की.
विद्यासागर गुप्ता ने कहा कि आपसी एकजुटता से ही समाज अपने अधिकार और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत कर सकता है.
गजराज पैलेस में होगा आयोजन
जिलाध्यक्ष ने बताया कि 24 जुलाई को शहर के मथुरापुर बाजार समिति के समीप स्थित गजराज पैलेस में राज्यस्तरीय महासम्मेलन आयोजित होगा. इसमें बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिनिधि और समाज के सदस्य शामिल होंगे.
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कुमार आजाद, प्रदेश अध्यक्ष राकेश गुप्ता, प्रो. जगन्नाथ गुप्ता, जयवरण गुप्ता, देवानंद गुप्ता, नगीना देवी सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है.
बैठक में संजय कुमार गुप्ता, तारकेश्वर नाथ गुप्ता, दीनानाथ गुप्ता, आयुष गुप्ता, विद्यासागर गुप्ता, ओम प्रकाश गुप्ता, विजय गुप्ता, रेणु देवी, मंजू गुप्ता, बबीता गुप्ता, अंजली कुमारी समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
