निजी नर्सिंग होम में इलाज के बाद प्रसूता की मौत, परिजनों का हंगामा

कल्याणपुर के विनोद नर्सिंग होम में प्रसव के बाद एक महिला की मौत से परिजनों का गुस्सा भड़क उठा. उन्होंने अस्पताल में हंगामा कर डॉक्टर की गिरफ्तारी और अस्पताल सील करने की मांग की. पुलिस जांच का आश्वासन दिया है.

Sarairanjan News: सरायरंजन थाना क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित विनोद नर्सिंग होम में उपचार के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नर्सिंग होम परिसर में हंगामा किया तथा अस्पताल को सील करने और संबंधित डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग की.

प्रसव के बाद बिगड़ती गई हालत

मृतका की पहचान मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के तेतारपुर गांव निवासी मोती कुमार की पत्नी अंशु कुमारी (24) के रूप में हुई है.

परिजनों के अनुसार, अंशु अपने मायके घटहो थाना क्षेत्र के लगमा गांव में रह रही थी. 30 जुलाई को तबीयत खराब होने पर उसकी मां ने आशा कार्यकर्ता को सूचना दी. परिजनों का आरोप है कि सरकारी अस्पताल ले जाने के बजाय आशा कार्यकर्ता ने उसे कल्याणपुर स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया.

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद अंशु की तबीयत लगातार बिगड़ती रही. उनका कहना है कि बार-बार आग्रह करने के बावजूद समय पर समुचित इलाज नहीं किया गया.

बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे समस्तीपुर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया. वहां से हालत नाजुक होने पर पटना रेफर किया गया, जहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई.

शव के साथ अस्पताल में किया प्रदर्शन

महिला की मौत की खबर मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण शव के साथ नर्सिंग होम पहुंचे और कई घंटों तक प्रदर्शन किया. उन्होंने अस्पताल को सील करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

परिजनों ने यह भी दावा किया कि इसी नर्सिंग होम में 4 फरवरी को भी कथित लापरवाही के कारण जच्चा-बच्चा की मौत हुई थी.

पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन

सूचना मिलने पर सरायरंजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >