Samastipur News:भवन निर्माण मजदूर संघ ने मांगों को लेकर प्रखंड कार्यालय पर किया प्रदर्शन

बिहार राज्य भवन निर्माण मजदूर संघ के आह्वान पर शनिवार को रोसड़ा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया

Samastipur News:रोसड़ा : बिहार राज्य भवन निर्माण मजदूर संघ के आह्वान पर शनिवार को रोसड़ा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया.इससे पूर्व सैकड़ों मजदूरों ने मजदूर एकता जिंदाबाद व पांच हजार से काम नहीं,पच्चीस हजार से कम नहीं जैसे नारों के साथ महावीर चौक से जुलूस निकाल प्रखंड कार्यालय पहुंचे.सभा की अध्यक्षता वार्ड पार्षद लक्ष्मण पासवान ने की.सभा को संबोधित करते हुए सीपीआई जिला मंत्री सुरेंद्र कुमार सिंह मुन्ना ने कहा कि राज्य व केंद्र की कॉरपोरेटपरस्त सरकारें मजदूर हितों को लगातार कुचल रही हैं.मजदूर वर्ग को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष छेड़ना होगा.एटक नेता रामविलास शर्मा ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से मजदूरों को 5 हजार 5 सौ रुपये की सहायता राशि नहीं दी गई.हाल ही में कुछ को मात्र पांच हजार रुपये भेजे गए,जो मजदूरों के साथ धोखा है.उन्होंने सभी निबंधित मजदूरों को पांच वर्षों का बकाया भुगतान करने की मांग की.सीपीआई अंचल सचिव अनिल कुमार महतो ने कहा कि नवीनीकरण पोर्टल बंद रहने से हजारों मजदूरों का पंजीकरण अटका हुआ है.सरकार को नवीनीकरण एवं नए निबंधन के लिए कैंप आयोजित करना चाहिए.साथ ही श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी का स्थायी प्रकोष्ठ रोसड़ा में स्थापित कर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए.एटक नेता सुधीर कुमार देव ने मजदूर विरोधी चार श्रम संहिताओं को तत्काल रद्द करने व निबंधित मजदूरों के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने की माँग रखी.निर्माण मजदूर संघ के अंचल सचिव रामबाबू राउत एवं शशिरंजन कुमार बबलू ने भूमिहीन मजदूर परिवारों को पांच डिसमिल जमीन देने की मांग की.कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को जिला स्तर तक तेज किया जाएगा.सभा को सईद अंसारी,रामकुमार चौधरी,रुमल यादव,मो यूनुस,अविनाश पिंटू,धर्मेंद्र महतो,अनिल पासवान,साहेब शर्मा,लालबाबू दास,मो नवाब आदि ने भी संबोधित किया.कार्यक्रम के अंत में पांच सदस्यीय शिष्टमंडल ने बीडीओ एवं सीओ को मांगपत्र सौंपा.इसमें मजदूरों का बकाया भुगतान,पंजीकरण-नवीनीकरण की सुविधा,स्थानीय श्रम कार्यालय की स्थापना व कल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन की मांग की गई.सभा में यह प्रस्ताव भी पारित किया गया कि लंबी दूरी की ट्रेनों का रुसेरा घाट स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए.समस्तीपुर जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना जल्द हो.सांसद व विधायक की उदासीनता पर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया.धरना-प्रदर्शन में सैकड़ों मजदूरों की उपस्थिति रही.कार्यक्रम मजदूर एकता के नारे व आगामी चरण के आंदोलन की घोषणा के साथ संपन्न हुआ.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABHAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >