Samastipur News:समस्तीपुर : जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षात्मक बैठक हुई. इसमें आगामी 24 जनवरी को जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाये जाने पर विमर्श किया गया. वहीं 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह मनाने पर चर्चा हुई. बैठक में प्रभारी पदाधिकारी जिला सामान्य शाखा द्वारा गत वर्ष की बैठक की कार्यवाही को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया. जिलाधिकारी ने कई निर्देश दिये. जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती राजकीय समारोह के अवसर पर सर्वप्रथम पूर्वाह्न 8:00 बजे नगर भवन के पास स्थित भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम किया जाएगा, उसके पश्चात कर्पूरी ग्राम स्थित महाविद्यालय परिसर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं स्मृति भवन में माल्यार्पण तथा अन्य निर्धारित कार्यक्रम गत वर्षो की भांति किए जाएंगे. इस संदर्भ में जिलाधिकारी द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर दिलीप कुमार को सभी संबंधित लोगों से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. इसके पश्चात गणतंत्र दिवस की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि गणतंत्र दिवस के दिन सभी चौक चौराहों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण का कार्यक्रम विभिन्न पदाधिकारीगण द्वारा किया जाएगा. इसके लिए नगर निगम सभी प्रतिमाओं की साफ-सफाई करायेगा तथा जिला सामान्य शाखा से पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी साथ ही वहां पर फूल एवं माला के साथ कर्मियों की प्रतिनियुक्ति जिला नजारत शाखा द्वारा की जाएगी. पटेल स्टेडियम में झंडारोहण से संबंधित आवश्यक तैयारी को लेकर जिलाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल को आवश्यकता अनुसार बैरिकेडिंग, वाहनों की पार्किंग तथा स्टेडियम की बाहरी एवं भीतरी दीवारों की आवश्यकता अनुसार मरम्मति कार्य कराने का निर्देश दिया गया. साथ.ही जिला नजारत शाखा को ससमय आमंत्रण कार्ड प्रिंट कराने एवं अतिथियों के मंच पर बैठने ,टेंट ,साउंड इत्यादि की व्यवस्था करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए. इसके अतिरिक्त परेड की आवश्यक तैयारी हेतु पुलिस उपाधीक्षक पुलिस लाइन को निर्देश दिया गया .साथ ही 26 जनवरी 2026 के अवसर पर विभिन्न विभागों की झांकियां की तैयारी हेतु उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने का निर्देश दिया गया. जिलाधिकारी द्वारा एक सप्ताह बाद पुनः बैठक आयोजित कर आज की बैठक में दिए गए तैयारी से संबंधित निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया. बैठक में पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर अरविंद प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता समस्तीपुर ब्रजेश कुमार,अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सह उप विकास विकास आयुक्त राजेश कुमार सिंह ,अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर दिलीप कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम, जिला सामान्य शाखा प्रभारी अंजलि सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
