Samastipur News: स्थानीय व्यवहार न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ पॉक्सो मामले का आरोपित 24 घंटे के भीतर पुलिस के हत्थे चढ़ गया. मंगलवार को नगर थाना पुलिस ने मोहनपुर पावर हाउस के पास स्थित एक निजी क्लिनिक से उसे गिरफ्तार कर लिया.
पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर हुआ था फरार
गिरफ्तार आरोपित की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के नाजिरपुर गांव निवासी रोशन कुमार उर्फ साजन के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वह पॉक्सो एक्ट के एक मामले में पिछले एक वर्ष से मंडल कारा में बंद था.
सोमवार को उसे पेशी के लिए समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय के पॉक्सो कोर्ट लाया गया था. पुलिस के अनुसार, कोर्ट परिसर में पेशी की प्रक्रिया के दौरान हथकड़ी खोले जाने के बाद वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया.
24 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद नगर थाना पुलिस और डीआईयू की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की. पुलिस ने आरोपित की तलाश में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले.
लगातार 24 घंटे तक चले अभियान के बाद मंगलवार को पुलिस ने उसे मोहनपुर पावर हाउस के समीप एक निजी क्लिनिक से गिरफ्तार कर लिया.
परिजनों और अधिवक्ता ने भी की मदद
पुलिस के अनुसार, आरोपित की गिरफ्तारी में अधिवक्ता सुमित कुमार और उसके परिजनों ने भी सहयोग किया.
सूत्रों के अनुसार, कोर्ट से फरार होने के बाद आरोपित दरभंगा स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर में छिपा था. बाद में परिजनों ने उसे पकड़ लिया, हालांकि वह फिर निकल गया. दोबारा परिजनों ने उसे पकड़ने के बाद पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.
पूछताछ जारी, नई प्राथमिकी दर्ज
पूछताछ के दौरान आरोपित ने कथित तौर पर कोर्ट से भागने के पीछे कारा प्रशासन की व्यवस्था से असंतोष की बात कही है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
इस मामले में नगर थाना में विशेष न्यायालय (रेप एवं पॉक्सो) के पीठ लिपिक सह कार्यालय लिपिक प्रेम रंजन कर्ण के आवेदन पर फरारी को लेकर अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है.
