ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान कटी पीएनजी गैस पाइपलाइन, बड़ा हादसा टला

समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान भूमिगत पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि समय रहते गैस आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया.

Samastipur News: समस्तीपुर शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित मोहनपुर रोड पर गुरुवार को ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान खुदाई करते समय भूमिगत पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई. इसके बाद तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि समय रहते गैस आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

खुदाई के दौरान कटी गैस पाइपलाइन

स्थानीय लोगों के अनुसार, आदर्श नगर स्थित एक निजी होटल के पास नया बिजली ट्रांसफार्मर लगाने के लिए क्रेन की सहायता से गड्ढा खोदा जा रहा था. आरोप है कि बिना भूमिगत उपयोगिता सेवाओं के रूट मैप की जांच या पूर्व समन्वय के खुदाई शुरू कर दी गई.

इसी दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही पीएनजी पाइपलाइन उपकरण की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई और गैस का रिसाव शुरू हो गया.

सैकड़ों घरों की गैस आपूर्ति रही बाधित

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने गैस कंपनी और प्रशासन को सूचना दी. सुरक्षा के मद्देनजर गैस कंपनी ने तुरंत मुख्य आपूर्ति बंद कर दी.

इससे आदर्श नगर और आसपास के सैकड़ों घरों में पाइपलाइन गैस की आपूर्ति कई घंटों तक बाधित रही. लोगों को रसोई गैस नहीं मिलने से खाना बनाने में परेशानी का सामना करना पड़ा.

तकनीकी टीम ने किया मरम्मत कार्य

सूचना मिलने के बाद गैस कंपनी की तकनीकी टीम और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे. गैस का दबाव कम होने के बाद क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत युद्ध स्तर पर शुरू की गई.

घंटों की मशक्कत के बाद पाइपलाइन बदलकर आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी की गई और फिर गैस आपूर्ति बहाल कर दी गई.

स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आबादी वाले क्षेत्र में बिना पर्याप्त सावधानी के खुदाई किए जाने पर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि समय रहते गैस आपूर्ति बंद नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Girija nandan sharma

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >