Samastipur News:चुनाव प्रचार समाप्त, साइलेंट पीरियड शुरू, बाहरी को जिला छोड़ने का आदेश

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का प्रचार मंगलवार की शाम छह बजे से थम गया. उसके बाद से साइलेंट पीरियड शुरू है.

Samastipur News:समस्तीपुर : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का प्रचार मंगलवार की शाम छह बजे से थम गया. उसके बाद से साइलेंट पीरियड शुरू है. इसको लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविन्द प्रताप सिंह ने साझा प्रेसवार्ता की. कहा कि प्रचार-प्रसार के लिये आये जिले से बाहर के सारे लोग शाम छह बजे के बाद जिला छोड़ दें. किसी भी मोड से चुनाव का प्रचार-प्रसार नहीं किया जायेगा. चुनाव से एक दिन पहले किसी प्रत्याशी का कोई विज्ञापन भी प्रकाशित नहीं किया जायेगा. जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन शांतिपूर्ण, स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिये पूरी तरह प्रतिबद्ध है. जिले के हर बूथ पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गयी है. हर बूथ पर दो-दो कैमरा लगाये गये हैं. कोई भी बूथ कैप्चरिंग का दुस्साहस नहीं दिखा सकेंगे. हर बूथ पर दो वोलेन्टियर दिये जा रहे हैं जो वेबकास्टिंग, पर्दानशी महिलाओं को देखेंगे. इस बार चुनाव आयोग ने बूथ के बाहर मोबाइल फोन रखने की व्यवस्था की है. इसके तहत बूथ के बाहर वोलेन्टियर जूट के बैग में मोबाइल रखेंगे, मोबाइल धारक को टोकन दिया जायेगा. मतदान के बाद वे अपना मोबाइल वापस ले सकेंगे. डीएम ने कहा कि इसबार चुनाव प्रक्रिया देखने के लिये विदेशी मेहमान भी आ रहे हैं. डीएम ने कहा कि कोई भी मतदाता मतदान करने के लिये बूथ जाने के लिये अपने निजी वाहन का उपयोग कर सकेंगे. कोई भी भाड़े का गाड़ी लेकर मतदाताओं को बूथ तक लाने ले जाने का काम नहीं करेंगे. प्रत्येक प्रत्याशियों को मतदान के दिन के लिये तीन वाहनों की अनुमति मिलेगी. इन वाहनों पर चालक सहित अधिकतम पांच लोग ही सवार हो सकेंगे. हर किसी को अपने वाहनों को मतदान केन्द्र के सौ मीटर पहले लगाना होगा.

– जिलावासियों ने निर्भीक होकर शांतिपूर्ण मतदान करने की अपील

मतदान सुबह 7 बजे से शाम छह बजे होगा. डीएम ने कहा कि 99.9 प्रतिशत मतदाता पर्ची का वितरण किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि मतदाता पर्ची पहचान पत्र नहीं है. मतदाताओं को इसके लिये ईपिक या अन्य 12 विकल्प में से कोई एक लेकर बूथ पर मतदान के लिये जाना है. डीएम ने कहा कि धनबल का उपयोग करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है. चुनाव को संपन्न कराने के लिये जिले में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से 60 हजार कर्मियों को लगाया गया है. जिले के दसों विधानसभा क्षेत्र में 1762 भवनों में 3603 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं.जिले कुल निर्वाचकों की संख्या 2940776 है. पुरुष मतदाताओं की संख्या 1568036 है. वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 1372711 है.ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 29 है. सहायक बीएलओ की संख्या 3603 है. जिले में महिला द्वारा संचालित मतदान केन्द्रों की संख्या 20, आदर्श मतदान केन्द्र की संख्या दस, युवा मतदान कर्मी वाले मतदान केन्द्र की संख्या दस तथा पीडब्ल्यूडी मतदान केन्द्रों की संख्या दस है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में चुनाव को मद्देनजर 11 हजार लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गयी है. 200 से अधिक लोगों पर सीसीए की कार्रवाई की गयी है. मतदान के दिन 37 जोनल दंडाधिकारी, 401 सेक्टर दंडाधिकारी, 327 माइक्रो प्रेक्षक तैनात किये गये हैं. मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, डीपीआरओ रजनीश कुमार राय मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >