समस्तीपुर: नगर थानाक्षेत्र के मगरदही मोहल्ला में ननिहाल आये युवक की शुक्रवार शाम गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस ने एक प्राथमिक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. आरोपित की पहचान मगरदही वार्ड 36 निवासी साजन कुमार के रूप में बताई गई है. पकड़े गए आरोपित के पास से पुलिस ने दो मोबाइल बरामद किया है. रविवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर एएसपी संजय पाण्डेय ने मामले का पर्दाफाश किया. बताया कि मृतक जितवापुर बुल्लेचक निवासी आयुष उर्फ छोटू इंटर का छात्र था. वह पिछले दो साल से मगरदही मोहल्ला स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था. गत शुक्रवार शाम आयुष उर्फ छोटू अपने मित्र आदित्य कुमार के साथ बाजार से समान खरीदकर अपने मामा विजय राय के घर लौट रहा था. इस दौरान रास्ते में आयुष उर्फ छोटू की गाेली मारकर हत्या कर दी. इस संबंध में मृतक के मामा विजय राय के फर्द बयान पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसमें मगरदही मोहल्ला के साजन कुमार और मुकेश कुमार को नामजद किया गया है. घटना के बाद नगर थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है. वहीं आरोपित मुकेश कुमार की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश बना रही है. घटना के पीछे मृतक आयुष उर्फ छोटू के मामा विजय राय और आरोपितों के बीच पूर्व से विवाद सामने आया है. छापेमारी दल में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद, नगर थाना के पुअनि फैजुल अंसारी, अमर कुमार, प्रवीण कुमार, सिपाही राजीव रंजन समेत सशस्त्र बल शामिल रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
